गोपालगंज: गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित संत मोड़ के पास प्रेम प्रसंग के मामले में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के इंदरवा रफीक गांव निवासी मो. आलम के पुत्र रफीक के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात रफीक संत मोड़ के पास गया हुआ था। उसी दौरान उसकी पूर्व प्रेमिका के पिता ने उस पर हमला कर दिया और गोली चला दी। परिजनों द्वारा घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। घायल रफीक ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसका 2022 में प्रेमिका से संबंध टूट चुका था।

युवक ने कहा कि 9 नवंबर 2022 को मैंने अपनी प्रेमिका से रिश्ता खत्म कर लिया था। उसके नाम का टैटू मैंने सीने पर बनवाया था, जिसकी जानकारी उसके पिता को हो गई थी। इसी बात को लेकर पहले भी मारपीट हुई थी, पंचायत हुई थी और मुझे दो साल के लिए गांव से बाहर कर दिया गया था। मैं तीन साल तक बाहर रहा। रफीक ने आगे बताया कि वह विदेश जाने वाला था और जाने से पहले अपने माता-पिता से मिलने आया था। इसी दौरान वह संत मोड़ के पास गया, जहां आरोपी ने उसे अकेला देखकर तीन राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली उसके पैर में लग गई। युवक ने बताया कि आरोपी अक्सर उसे धमकी देता था कि अगर गांव में दिखा तो जान से मार देगा। इस मामले में नगर थाना अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है। पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA