जयपुर में लोकमंथन यात्रा का शुभारंभ, दिसंबर में होगा मुख्य आयोजन
Lokmanthan Yatra begins in Jaipur, main event to be held in December

जयपुर। लोकमंथन 2026 के तहत ‘लोकमंथन यात्रा जयपुर महानगर’ का शुभारंभ श्री गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन के बाद जलेबी चौक से हुआ। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं लोकमंथन-2026 आयोजन समिति की अध्यक्ष दिया कुमारी ने यात्रा रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया।

लोकमंथन 2026 का मुख्य आयोजन चार से छह दिसंबर तक जयपुर में प्रस्तावित है। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यात्रा मार्ग को रंगोलियों से सजाया गया और विभिन्न स्थानों पर व्यापार मंडलों तथा सामाजिक संगठनों की ओर से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

GNSU Admission Open 2026

यात्रा में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी सहभागिता की। खिलाड़ियों ने साइकिलिंग, स्केटिंग, फुटबॉल, कबड्डी और सतोलिया सहित पारंपरिक एवं आधुनिक खेल गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

दिया कुमारी ने कहा कि दिसंबर में होने वाले लोकमंथन 2026 के पूर्व-आयोजन के रूप में यह यात्रा समाज जागरण और लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा मूल रूप से लोक आधारित रही है और लोक जीवन के मूल्य प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ सामंजस्य तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि लोक से जुड़ाव लोककल्याण का आधार है और लोकमंथन के माध्यम से लोकमंगल की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।

लोकमंथन यात्रा हवामहल, बड़ी चौपड़ और अल्बर्ट हॉल होते हुए महारानी कॉलेज पहुंची। यहां लोक साहित्य, लोक संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा सहित विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हुआ।