
लाइफ स्टाइल: कालीन किसी भी जगह की खूबसूरती बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। साधारण से फर्श को भी ये रॉयल और सॉफ्ट लुक दे देते हैं, लेकिन अगर समय पर इनकी सफाई न की जाए तो यही कालीन सेहत के लिए खतरा बन सकते हैं। हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर लगे गंदे और धूल भरे कालीनों को लेकर मशहूर शेफ विकास खन्ना ने चिंता जताई थी, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया। उनकी शिकायत का असर इतना तेज रहा कि एयरपोर्ट प्रशासन ने कालीन हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
शेफ विकास खन्ना ने बताया कि कुछ हफ्ते पहले जब वह मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्हें अस्थमा का गंभीर दौरा पड़ा। धूल भरे माहौल के कारण उन्हें इनहेलर का सहारा लेना पड़ा। इसी दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग महिला को भी सांस लेने में परेशानी से जूझते देखा, जो अपना सामान खींचते हुए हांफ रही थीं। इस अनुभव के बाद विकास खन्ना ने एयरपोर्ट पर लगे कालीनों की स्थिति को लेकर आवाज उठाई।
करीब एक महीने के भीतर ही इस शिकायत का असर देखने को मिला। 29 जनवरी को विकास खन्ना ने मुंबई एयरपोर्ट से एक वीडियो साझा किया, जिसमें फर्श से पुराने और धूल भरे कालीनों को हटाया जा रहा था। वीडियो में उन्होंने एयरपोर्ट अधिकारियों का धन्यवाद किया और कालीन हटने के बाद नजर आ रहे खूबसूरत फर्श डिजाइन की सराहना भी की। उन्होंने यहां तक कहा कि फर्श के ज्योति जैसे डिजाइन से प्रेरित होकर वह एक खास डिश भी बनाएंगे।
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि साफ-सफाई सिर्फ सुंदरता ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य से भी जुड़ी होती है। खासतौर पर अस्थमा और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोगों के लिए गंदे कालीन बेहद नुकसानदायक हो सकते हैं। घरों में बिछे कालीनों की नियमित सफाई भी उतनी ही जरूरी है।
घरेलू स्तर पर कालीन साफ करना मुश्किल नहीं है। धूल हटाने के लिए नियमित रूप से वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें। अगर कालीन पर कुछ गिर जाए तो तुरंत उसे रगड़ने के बजाय टिशू या साफ कपड़े से हल्के हाथ से थपथपाकर साफ करें। इससे दाग फैलता नहीं और रेशे भी सुरक्षित रहते हैं। थोड़ी सावधानी और सही तरीके अपनाकर आप अपने घर के कालीन को साफ और सुरक्षित रख सकते हैं।






