लाइफ स्टाइल: त्वचा में नेचुरली ग्लो लाना अब केवल महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स तक सीमित नहीं रहा। अक्सर लोग क्रीम या सीरम इस्तेमाल करने के बावजूद चेहरे पर निखार नहीं पा पाते हैं। इसका कारण हो सकता है शरीर में पोषक तत्वों की कमी। ऐसे में अंदर से स्किन को पोषण देना बेहद जरूरी है। कंटेंट क्रिएटर फरहीन (@GlowWithFarheen) ने एक ऐसा ग्लो-बूस्टर ड्रिंक बताया है, जो चेहरे पर नेचुरल गुलाबी चमक ला सकता है।
इस ड्रिंक के मुख्य तत्व हैं चुकंदर, गाजर और अदरक। चुकंदर में विटामिन C, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो त्वचा की पिगमेंटेशन, काले धब्बे और मुंहासों को कम करने में मदद करते हैं। गाजर और अदरक त्वचा को हाइड्रेट रखते हैं और उसे अंदर से स्वस्थ बनाते हैं। ड्रिंक में आप चाहें तो सेब और नींबू का रस भी मिला सकते हैं, जिससे यह और अधिक ताजगी और स्वाद देगा।
ड्रिंक बनाने की विधि सरल है। सबसे पहले चुकंदर, गाजर और अदरक को धोकर छील लें और छोटे टुकड़ों में काट लें। अगर सेब इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे भी काटकर पीस लें। सभी चीज़ों को मिक्सी में पीसकर छान लें और चाहें तो इसमें थोड़ी मात्रा में नींबू का रस डालें। रोजाना एक महीना इस ड्रिंक का सेवन करने से चेहरे पर निखार आएगा, मुंहासे कम होंगे और खून साफ रहने के कारण त्वचा हाइड्रेट भी रहेगी।
फरहीन के अनुसार, त्वचा की सुंदरता केवल बाहरी देखभाल से नहीं आती, बल्कि आंतरिक पोषण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हालांकि, इस नुस्खे का असर हर किसी पर अलग हो सकता है और इसे आजमाने से पहले किसी विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है। इस ड्रिंक के नियमित सेवन से न केवल त्वचा में निखार आता है बल्कि स्वास्थ्य और ऊर्जा में भी सुधार देखा जा सकता है।
डिस्क्लेमर: लेख में दिए गए नुस्खे की जानकारी वीडियो पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सटीकता और असर की जिम्मेदारी नहीं लेता।







