Jan Suraj delegation met DGP and raised demand for justice.

पटना:  बीते दिनों एक होटल में छात्रा के साथ हुई छेड़खानी एवं सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के मामले को लेकर जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल आज शुक्रवार को बिहार के डीजीपी से मिला। जन सुराज के नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना व पार्टी के नेता ललन यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं। डीजीपी से मुलाकात के बाद किशोर कुमार मुन्ना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि डीजीपी ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे, मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कम से कम समय में साक्ष्यों को एकत्र कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पीड़ित परिवार भी डीजीपी के आश्वासन से संतुष्ट है। होटल मालिक द्वारा पीड़ित परिवार को धमकाने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में भी तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

जन सुराज के नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने आगे कहा कि इस मामले में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई न केवल पीड़िता को न्याय दिलाएगी, बल्कि बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत करेगा। बिहार में कहीं भी किसी बेटी के साथ अन्याय होगा तो जन सुराज अब चुप नहीं बैठेगा। मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में SIT का गठन किया जाए व घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी हो। होटल हिडेन विला के मालिक, प्रबंधक एवं कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि आरोपी की कमरे तक पहुंच कैसे हुई तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन क्यों हुआ? यदि जांच में होटल परिसर में अनैतिक या अवैध गतिविधियों के संचालन की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए होटल का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

पीड़िता एवं उसके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा धमकी देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। राज्यव्यापी होटल सुरक्षा ऑडिट: राजधानी पटना सहित राज्य के सभी होटलों, लॉज एवं गेस्ट हाउसों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराया जाए ताकि भविष्य में किसी छात्रा, महिला या परिवार के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।  जन सुराज के प्रदेश उपाध्यक्ष ललन यादव ने कहा कि आप लोग जानते हैं कि बेगूसराय निवासी पीड़ित पिता अपनी पुत्री को पॉलिटेक्निक परीक्षा दिलाने के लिए पटना आए थे। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित होटल हिडेन विला में कमरा संख्या 103 लिया था, तभी रात्रि लगभग 12:45 बजे एक अज्ञात युवक कमरे का दरवाजा खोलकर  घुस आया और छात्रा के साथ छेड़खानी करते हुए उसे जबरन बाहर ले जाने की प्रयास किया। उसी घटना को लेकर जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल डीजीपी से मुलाकात की। मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।