ईरान पर नए हमले संभव: ट्रंप
New attacks on Iran possible: Trump

न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नवंबर में होने वाले मध्यावधि कांग्रेस चुनाव से पहले ईरान पर दोबारा सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया है। उन्होंने कहा है कि चुनाव से पहले ईरान पर नए हमले संभव हैं, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई निश्चित घोषणा नहीं की।

फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप से पूछा गया कि क्या नवंबर के मध्यावधि चुनाव से पहले अमेरिका ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई कर सकता है। इस पर उन्होंने कहा, “यह मुमकिन है, लेकिन मैं यह कहना नहीं चाहता।” उनके इस बयान से ईरान के साथ जारी सैन्य और कूटनीतिक तनाव के बीच अमेरिकी नीति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

GNSU Admission Open 2026

इससे पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट किया था कि ट्रंप प्रशासन नवंबर के मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान के खिलाफ सैन्य हमले फिर से शुरू करने पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने अपने सहयोगियों के सामने चुनाव के बाद ईरान पर दोबारा बमबारी की संभावना जताई थी। हालांकि, हमलों का स्वरूप और पैमाना अभी स्पष्ट नहीं है।

दूसरी ओर, ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत की संभावना भी खुली रखी है। उन्होंने रविवार को कहा कि उन्हें इस सप्ताह ईरान के साथ नई बातचीत की उम्मीद है। हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थों के जरिए बातचीत की कोशिशें हुई हैं, लेकिन किसी व्यापक समझौते की घोषणा नहीं हुई है। फॉक्स न्यूज के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वाशिंगटन ईरान पर दबाव बनाए रखते हुए बातचीत के रास्ते को भी खुला रखना चाहता है।

ईरान के साथ तनाव का एक प्रमुख मुद्दा रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य भी है। हाल में ईरान ने जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और परमाणु वार्ता शुरू करने से जुड़ा प्रस्ताव रखा था, जिसे ट्रंप ने अस्वीकार कर दिया।

इस घटनाक्रम के बीच ट्रंप के ताजा बयान से स्पष्ट है कि अमेरिका की ईरान नीति में सैन्य और कूटनीतिक दोनों विकल्प फिलहाल खुले हुए हैं।