Home अंतरराष्ट्रीय भारत–इजराइल FTA की ओर बड़ा कदम: व्यापार और टेक्नोलॉजी सहयोग पर बनी...

भारत–इजराइल FTA की ओर बड़ा कदम: व्यापार और टेक्नोलॉजी सहयोग पर बनी सहमति

103
0
pm modi , Benjamin Netanyahu

भारत-इजराइल संबंधों को नई गति, फ्री ट्रेड डील को जल्द अंतिम रूप

नई दिल्ली/तेल अवीव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच गुरुवार को प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस बैठक में दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। बातचीत के बाद भारत और इजराइल ने इनोवेशन, कृषि सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। बैठक में रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और कृषि के क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर भी सकारात्मक बातचीत हुई।

जल्द अंतिम रूप लेगा मुक्त व्यापार समझौता

वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल ने अपने पुराने और मजबूत संबंधों को “विशेष रणनीतिक साझेदारी” का दर्जा देने का फैसला किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पारस्परिक लाभ वाले मुक्त व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने नागरिक परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग आगे बढ़ाने की भी बात कही। साथ ही भविष्य के लिए तैयार कृषि समाधान विकसित करने और ‘उत्कृष्टता के गांवों’ के निर्माण पर मिलकर काम करने की घोषणा की।

GNSU Admission Open 2026

आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख

संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है और इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत और इजराइल आतंकवाद तथा उसके समर्थकों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। दोनों नेताओं ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) और भारत-इजरायल-यूएई-अमेरिका समूह (I2U2) के तहत सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बल मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने शिक्षा, स्टार्टअप, नवाचार, प्रौद्योगिकी और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति हर्जोग को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर इजराइल पहुंचे हैं। जुलाई 2017 में उनकी पहली इजराइल यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था। हाल के वर्षों में रक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, साइबर सुरक्षा, कृषि और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। भारत और इजराइल के बीच बढ़ता सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026