लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे
IndiGo flight delayed by 5.5 hours due to pilot's ear pain

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-6559 पायलट की तबीयत खराब होने के कारण करीब साढ़े पांच घंटे की देरी से रवाना हुई। पायलट ने कान में दर्द की शिकायत के बाद विमान उड़ाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, विमान में 178 यात्री सवार हो चुके थे। बोर्डिंग और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद सभी यात्री विमान में बैठ गए थे। इसी दौरान पायलट ने कान में दर्द की शिकायत करते हुए उड़ान भरने में असमर्थता जताई।

GNSU Admission Open 2026

इसके बाद मेडिकल टीम ने पायलट की जांच की, जिसमें उसके अस्वस्थ होने की पुष्टि हुई। एयरलाइन ने वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था की और दिल्ली से दूसरे पायलट के पहुंचने के बाद विमान बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ।

लंबी देरी से नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। यात्रियों ने सवाल उठाया कि यदि पायलट की तबीयत खराब थी तो उन्हें विमान में सवार कराने से पहले इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। यात्रियों का कहना था कि उन्हें लंबे समय तक विमान के अंदर इंतजार करना पड़ा।

गौरतलब है कि हाल में पायलट की तबीयत खराब होने के कारण उड़ान प्रभावित होने का एक अन्य मामला भी सामने आया था।