एंटरटेनमेंट : मशहूर टीवी स्टार विभु राघव का 2 जून को मुंबई में निधन हो गया है। वह ‘निशा और उसके कजिन्स’ जैसे टीवी शो के लिए सबसे ज्यादा जाने जाते हैं। उनके निधन से पूरा टीवी जगत सदमे में है। एक्टर काफी दिनों से चौथे स्टेज के कैंसर से जूझ रहे थे। मंगलवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार हुआ जहां कई टीवी स्टार पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। विभु राघव के अंतिम संस्कार के वक्त उनकी मां की हालत काफी बुरी रही। वो बुरी तरह टूटकर रो रही थी। फैमिली के सदस्य उनको संभालते नजर आए। अंतिम संस्कार में नकुल मेहता, मोहित मलिक, मोहसिन खान, अनेरी वजानी और अंजलि आनंद जैसे टीवी एक्टर्स भी पहुंचे।
इन सभी ने नम आंखों से विभु को विदाई दी। इसके अलावा कई ऐसे एक्टर्स भी रहे जिन्होंने विभु को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए श्रद्धांजलि दी है। अभिनेत्री सौम्या टंडन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए विभु राघव को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है ‘मेरे खूबसूरत दोस्त विभु राघव अब फरिश्तों के साथ हैं। कल रात हमें छोड़कर चले गए। विभू तुम खूबसूरत थे। अंदर और बाहर से। तुमने मुझे सिखाया कि जब सब कुछ बिखर रहा हो, तब भी कैसे मुस्कुराना है। जब दुनिया में अंधेरा हो, तब कैसे रोशनी को थामे रखना है। तुम अंत तक एक योद्धा रहे – एक असली योद्धा।’ सिंपल कौल ने लिखा- भारी मन से हम अपने प्रियजनों को सूचित करना चाहते हैं कि हमारे प्रिय मित्र विभु आज हमें छोड़कर चले गए। कृपया उनके आगे के सफर के लिए प्रार्थना करें। ओम नमः शिवाय। एक्ट्रेस सनाया ईरानी ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर विभु की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है ‘रेस्ट इन पीस। मुझे उम्मीद है कि आप जहां भी हैं वहां सकारात्मकता फैला रहे हैं। आप जहां हो वहां आपके लिए प्यार। आप जल्दी चले गए। हम आपको याद करेंगे।’
एक्टर मोहित मलिक ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर विभु की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा- ‘फिर मिलेंगे भाई।’ विभु ने ‘निशा और उसके कजिन्स’ के अलावा ‘सावधान इंडिया’ जैसे शोज में भी काम किया था और अपनी सादगी भरी एक्टिंग से दर्शकों के दिल में जगह बनाई थी। वो इंडस्ट्री में शांत और विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके अभिनय और व्यक्तित्व को हमेशा याद किया जाएगा।







