एंटरटेनमेंट डेस्क: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अगर आज जीवित होते, तो 21 जनवरी 2026 को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे होते। हालांकि उनकी असमय मृत्यु के बावजूद उनका अभिनय और फिल्मों में योगदान आज भी दर्शकों के जेहन में जीवित है। ‘काई पो छे’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘छिछोरे’ और ‘केदारनाथ’ जैसी फिल्मों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी।
सुशांत का जन्म 21 जनवरी 1986 को पटना में हुआ। पढ़ाई में अव्वल रहे सुशांत ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया सातवीं रैंक हासिल की थी और कुल 11 इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं को पास किया। लेकिन फिल्मों और कला के प्रति उनकी रुचि ने उन्हें इंजीनियरिंग छोड़कर एक्टिंग और डांस की ओर मोड़ दिया। उन्होंने श्यामक डावर के डांस ग्रुप के साथ देश-विदेश में कई शो किए और ऑस्ट्रेलिया में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐश्वर्या राय के साथ जूनियर डांसर के रूप में प्रदर्शन किया।
साल 2008 में सुशांत ने टीवी सीरियल ‘किस देश में है मेरा दिल’ से डेब्यू किया और फिर ‘पवित्र रिश्ता’ में लीड एक्टर के रूप में घर-घर पहचान बनाई। 2013 में फिल्म ‘काई पो छे’ से उनका बॉलीवुड करियर शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने ‘एमएस धोनी’ में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का किरदार निभाकर खूब सराहना बटोरी। इसके अलावा वे ‘शुद्ध देसी रोमांस’, ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी’, ‘केदारनाथ’, ‘छिछोरे’, ‘राब्ता’ और ‘ड्राइव’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए।
सुशांत उभयहस्त (ambidextrous) थे और दोनों हाथों से लिख सकते थे, जिसमें मिरर राइटिंग भी शामिल थी। उन्हें खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष में गहरी रुचि थी और उन्होंने 2018 में चांद पर ‘सी ऑफ मस्कोवी’ में जमीन का टुकड़ा खरीदा था, जिसे देखने के लिए उन्होंने दूरबीन भी खरीदी।
उनके अनुसार, उन्हें इंजीनियरिंग में कोई रुचि नहीं थी; वह एस्ट्रोनॉट या एयर फोर्स पायलट बनना चाहते थे। हालांकि शाहरुख खान के फैन होने के कारण उन्हें बॉलीवुड में भी गहरी दिलचस्पी थी। सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून 2020 को दम घुटने से हुआ, लेकिन उनकी कला और अदाकारी आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है।







