अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है। फिल्म ने कमाई के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अब अपनी रिलीज के 24 दिन बाद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छे नंबर हासिल कर रही है। दुनिया भर में 500 करोड़ और भारत में 300 करोड़ से ऊपर कमाई करने वाली फिल्म की सक्सेस पार्टी की गई। जिसमें फिल्म के मुख्य कलाकारों के साथ निर्देशक मोहित सूरी भी मस्ती करते नजर आए। सोशल मीडिया पर ‘सैयारा’ की सक्सेस पार्टी के कुछ वीडियोज वायरल हो रहे हैं। इन वीडियोज में फिल्म के मुख्य कलाकार अनीत पड्डा और अहान पांडे नजर आ रहे हैं। साथ ही फिल्म के निर्देशक मोहित सूरी भी इन वीडियोज में काफी चिल अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में मोहित सूरी केक काट रहे हैं, जबकि अहान और अनीत किसी से गले मिल रहे हैं। बैकग्राउंड में सभी लोग ‘सैयारा’ का टाइटल ट्रैक तेज आवाज में गा रहे हैं।
वहीं एक और वीडियो सामने आया है, इसमें अहान और अनीत मस्ती करते और आपस में कुछ गुफ्तगू करते नजर आ रहे हैं। साथ में मोहित सूरी भी खड़े हैं। इस दौरान सभी लोग मोहित सूरी से कुछ बोलने और एक गाना सुनाने की मांग करते हैं।‘सैयारा’ की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। जबरदस्त ओपनिंग के बाद फिल्म ने पहले चार दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था जबकि एक हफ्ते में फिल्म 172.75 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी थी। इसके बाद भी फिल्म का कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर बेहतर बना रहा। ‘सैयारा’ 24 दिनों में 316 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई कर चुकी है। वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी ‘सैयारा’ 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है और विक्की कौशल की ‘छावा’ के बाद ये इस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी है।







