एंटरटेनमेंट डेस्क: गीतकार, कवि, डायलॉग और स्क्रीन राइटर मनोज मुंतशिर ने यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (UGC) के नए नियम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ जोड़कर अपील की है कि इसे वापस लिया जाए। मुंतशिर ने 28 जनवरी की सुबह अपने सोशल मीडिया हैंडल पर 39 सेकेंड का वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जातियों की दीवारों को तोड़ा जाए और समाज में समानता और एकता बनी रहे। उन्होंने वीडियो में प्रधानमंत्री से विनम्र निवेदन किया कि किसी एक वर्ग को विशेष प्रोटेक्शन देने के नाम पर दूसरों के अधिकारों को चोट न पहुंचाई जाए।
वीडियो में मनोज मुंतशिर ने कहा, “अगर किसी बाग में एक पौधा छोटा रह गया तो इसका मतलब ये नहीं कि प्रोटेक्शन और इक्वैलिटी के नाम पर बाकी पौधों को ऊपर से काट दिया जाए। अतीत का पन्ना बंद हो चुका है। 21वीं सदी के दौर में हमें जातियों की विदाई करनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री सभी 140 करोड़ देशवासियों के लिए पिता समान हैं और एक बच्चे को खुश करने के लिए दूसरों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। मुंतशिर ने इसे “UGC का काला कानून” बताते हुए देश की एकता को कमजोर होने से बचाने की अपील की।
UGC द्वारा हाल ही में जारी किए गए नियम के अनुसार, सरकारी और निजी दोनों विश्वविद्यालयों में पिछड़े वर्ग के छात्रों के लिए इक्विटी सेल बनाई जाएगी। इसके तहत छात्र जाति, धर्म, लिंग, जन्म स्थान या दिव्यांगता के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। हालांकि, इस नियम से जनरल कोटे के छात्र बाहर रह गए हैं और उनका मानना है कि इससे उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा सकते हैं।
मनोज मुंतशिर की अपील में इस बात पर जोर दिया गया है कि समानता के नाम पर किसी के अधिकारों पर रोक नहीं लगनी चाहिए और देश में सभी वर्गों के बीच भरोसा और एकता बनी रहे। उनके इस वीडियो को सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिल रही है।







