एंटरटेनमेंट डेस्क: रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग की घटना में मुंबई क्राइम ब्रांच को जांच के दौरान अहम अंतरराष्ट्रीय सुराग मिले हैं। क्राइम ब्रांच के अनुसार, इस हमले को अंजाम देने वाले शूटर्स को पड़ोसी देश नेपाल से फंडिंग की गई थी। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां मामले को और गंभीरता से लेते हुए अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की दिशा में जांच आगे बढ़ा रही हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों में नेपाल से एटीएम के जरिए रकम जमा कराई गई थी। यह रकम अज्ञात व्यक्तियों द्वारा विभिन्न खातों में ट्रांसफर की गई, जिसका इस्तेमाल हमले की साजिश को अंजाम देने के लिए किया गया। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों की विस्तृत जांच कर रही है और संबंधित बैंकों से बैंक स्टेटमेंट, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और रकम जमा करने वाले व्यक्तियों की जानकारी मांगी गई है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों को पहले भी नियमित रूप से फंडिंग मिलती रही थी। जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जिसका कनेक्शन देश के बाहर तक फैला हो सकता है। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है।
यह फायरिंग घटना मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के बंगले के बाहर हुई थी। हालांकि, इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब तक इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्हें उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से पकड़ा गया है।
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे असली साजिशकर्ता कौन है और इसका मकसद क्या था। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।







