Home मनोरंजन बी प्राक को बिश्नोई गैंग से मिली धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई

बी प्राक को बिश्नोई गैंग से मिली धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई

145
0
B Praak receives threat from Bishnoi gang, security beefed up

मोहाली: मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर बी प्राक को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। गैंग ने उनसे 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। धमकी भरे संदेश में कहा गया, “दस करोड़ दो, वरना मिट्टी में मिला देंगे।” यह ऑडियो रिकॉर्डिंग 6 जनवरी को पंजाबी सिंगर दिलनूर को भेजी गई, जबकि 5 जनवरी को भी उन्हें दो बार फोन किए गए थे, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। दिलनूर ने इस मामले की शिकायत एसएसपी मोहाली को दी है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

बी प्राक पंजाबी और बॉलीवुड संगीत जगत का बड़ा नाम हैं। उनका असली नाम प्रतीक बच्चन है और उनका जन्म 7 फरवरी 1986 को हुआ था। संगीत उन्हें विरासत में मिला—उनके पिता वरिंदर बच्चन भी जाने-माने म्यूजिक प्रोड्यूसर और कंपोजर थे। बी प्राक ने करियर की शुरुआत म्यूजिक प्रोड्यूसर के रूप में की और बाद में सिंगिंग में कदम रखा। उनका पहला हिट गाना “मन्न भरया” था, जिसने उन्हें जबरदस्त पहचान दिलाई।

GNSU Admission Open 2026

बॉलीवुड में उन्होंने 2019 में फिल्म केसरी के गीत “तेरी मिट्टी” से डेब्यू किया। यह गाना सुपरहिट रहा और बी प्राक को इसके लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला। इसके अलावा “फिलहाल”, “पछताओगे”, “दिल तोड़ के”, “बारिश की जाए” और फिल्म एनिमल का “सारी दुनिया जला देंगे” जैसे गाने भी बेहद लोकप्रिय हुए। उनकी आवाज़ को दर्द भरे और इमोशनल गीतों के लिए खास तौर पर पसंद किया जाता है।

बी प्राक का झुकाव आध्यात्म की ओर भी है। वे अक्सर वृंदावन जाते हैं और भजन-कीर्तन में शामिल होते हैं। उनका भक्ति गीत “महाकाल प्यारे” भी काफी चर्चित रहा है। निजी जीवन में बी प्राक की शादी मीरा बच्चन से हुई है और उनके दो बेटे हैं।

धमकी की घटना के बाद पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां कॉल रिकॉर्ड और नंबर की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026