
एंटरटेनमेंट\वर्ल्ड डेस्क: हॉलीवुड अभिनेता स्टीफन ग्राहम ने टीवी सीरीज ‘एडोलेसेंस’ में उनके शानदार अभिनय के लिए गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीता। यह अवॉर्ड लिमिटेड सीरीज या टीवी मूवी में बेस्ट एक्टर कैटेगरी में मिला। पिछले साल उन्होंने इसी शो के लिए एमी अवॉर्ड भी जीता था। लेकिन अवॉर्ड जीतने के बाद ग्राहम के साथ एक मजेदार और तनावपूर्ण घटना घटी, जब उनकी गोल्डन ग्लोब ट्रॉफी अस्थायी रूप से खो गई।
ग्राहम को अवॉर्ड जीतने के अगले दिन लॉस एंजेलिस से मैड्रिड की फ्लाइट पकड़नी थी, जहां उन्हें शूटिंग करनी थी। इस दौरान उनके पास प्लेन पकड़ने के लिए सिर्फ तीन मिनट बचे थे। ग्राहम ने यूके रेडियो शो में बताया कि जैसे ही वह बाहर निकले, एक महिला उनके नाम लेकर खड़ी थी और उन्हें सीधे एयरपोर्ट के रनवे तक ले गई। लेकिन इस रोमांचक दौड़ में उनके सूटकेस के बारे में चिंता बनी रही।
सूटकेस में उनके पर्सनल सामान के साथ उनकी गोल्डन ग्लोब ट्रॉफी भी थी। एयरपोर्ट स्टाफ ने आश्वासन दिया कि सब संभाल लेंगे, लेकिन सूटकेस प्लेन में नहीं पहुंचा और बाद में पता चला कि वह अटलांटा में छूट गया था। हालांकि, दो दिन बाद सूटकेस सुरक्षित ग्राहम के पास वापस आ गया। ग्राहम ने राहत की सांस लेते हुए कहा, “शुक्र है, आखिरकार मिल गया।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अवॉर्ड उन्होंने खोया नहीं था, बल्कि वह सूटकेस के साथ ट्रैवल कर रहा था।
‘एडोलेसेंस’ की कहानी एडी मिलर नामक एक पिता के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार स्टीफन ग्राहम ने निभाया है। कहानी में दिखाया गया है कि कैसे उसके 13 साल के बेटे (ओवेन कूपर) ने एक गंभीर अपराध कर दिया, जिससे पिता की पूरी जिंदगी बदल जाती है। इस शो में ग्राहम के अभिनय की खूब सराहना हुई है और उनकी अवॉर्ड जीत उनकी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है।
यह घटना दर्शकों और फैंस के लिए भी दिलचस्प रही, क्योंकि अवॉर्ड ट्रॉफी के खोने और फिर मिलने की पूरी कहानी ने हॉलीवुड की ग्लैमर और वास्तविकता का अनोखा मिश्रण पेश किया।






