
मधुबनी। नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड, नई दिल्ली के मुख्य गन्ना सलाहकार डॉ.आरबी डोले एवं तकनीकी सलाहकार केएम चोधरी ने बुधवार को बिहार के मधुबनी जिले के सकरी में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर सहकारी चीनी मिल की संभाव्यता प्रतिवेदन (फिजिबिलिटी रिपोर्ट) एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के उद्देश्य से भूमि की स्थिति, संपर्क पथ, जल उपलब्धता,विद्युत व्यवस्था, गन्ना उत्पादन क्षेत्र, परिवहन सुविधा सहित अन्य तकनीकी एवं भौगोलिक पहलुओं का अवलोकन किया गया।स्थल निरीक्षण के बाद विशेषज्ञ दल ने स्थानीय गन्ना कृषकों के साथ संवाद स्थापित किया। इस दौरान कृषकों ने गन्ना उत्पादन, विपणन में आ रही समस्याओं, उचित मूल्य, परिवहन सुविधा एवं चीनी मिल की स्थापना से होने वाले लाभों पर अपने विचार साझा किए।विशेषज्ञों ने कृषकों को आश्वस्त किया कि प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल से न केवल गन्ना का समुचित मूल्य मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आर्थिक सशक्तिकरण एवं कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण एवं कृषक संवाद के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला ईख (गन्ना) पदाधिकारी भी उपस्थित थे। पदाधिकारियों ने जिले में गन्ना उत्पादन की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं एवं सहकारी चीनी मिल की आवश्यकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ विशेषज्ञ दल को उपलब्ध कराईं। सहकारी चीनी मिल प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल की स्थापना से मधुबनी जिले के सकरी एवं आसपास के क्षेत्रों में गन्ना कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा। यह परियोजना कृषि, उद्योग एवं सहकारिता के समन्वय से क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेगी।






