जिले में 87 संवाद स्थलों का किया गया है चयन
सासाराम। राज्य सरकार द्वारा घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक नि:शुल्क बिजली देने की ऐतिहासिक घोषणा की गई है। रोहतास जिले के कुल 4 लाख 14 हजार घरेलु उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है। विद्युत खपत 125 यूनिट जुलाई 2025 से पूर्णतः विद्युत विपत्र निःशुल्क कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के अंतर्गत 1 अगस्त 2025 से जुलाई माह की बिजली खपत के आधार पर लोगों को 125 यूनिट तक पूर्ण अनुदान पर बिजली मिल रही है। उपभोक्ताओं को योजना की संपूर्ण जानकारी देने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12 अगस्त को विद्युत उपभोक्ता संवाद कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के सभी उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य है कि उपभोक्ता इस योजना के विभिन्न पहलुओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु प्रत्येक विद्युत आपूर्ति प्रशाखा में 4 संवाद स्थल निर्धारित किए गए हैं। साथ ही विद्युत आपूर्ति प्रमंडल व जिला स्तर पर भी संवाद स्थलों का चयन किया गया है। रोहतास में इस संवाद कार्यक्रम से 87 संवाद स्थलों जिसमें डीआरडीए मीटिंग हाल सासाराम, कोचस प्रखंड के सेलास गांव मे मंटू राय के घर के निकट, लहेरी गांव मे चुन्नू सिंह के घर के निकट, चिताव पंचायत सरकार भवन, चवरी फील्ड, करगहर प्रखंड के थोरसन पंचायत सरकार भवन, करगहर प्रखंड परिसर, खखरही श्याम मैरिज हॉल परिसर, बरहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर, करूप पंचायत सरकार भवन सहित कुल 87 जगहों पर कार्यक्रम किया जा रहा है।
संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 44000 उपभोक्ताओं के साथ मुख्यमंत्री द्वारा सीधा संवाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री के संवाद को उपभोक्ताओं तक पहुंचने हेतु सभी संवाद स्थलों पर एलईडी स्क्रीन, प्रोजेक्टर व टीवी की व्यवस्था की गयी है। इस संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं संबंधित हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि यह कार्यक्रम जन-जन तक पहुंचे और योजना का लाभ राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मिले।







