खगड़िया पहुंचे चिराग पासवान, चाचा पशुपति कुमार पारस का पैर छूकर किया प्रमाण

खगड़िया। बिहार के खगड़िया से एक बड़ी और भावुक राजनीतिक तस्वीर सामने आई है, जहां केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मंगलवार को अपने पैतृक गांव पहुंचे और परिवार के बीच भावनाओं का अनोखा संगम देखने को मिला। खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड स्थित शहर बनी गांव में चिराग पासवान अपने दिवंगत चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया|

जैसे ही वे उनसे मिले, भावनाएं उमड़ पड़ीं और चिराग पासवान गले लगकर रो पड़े। परिवार के इस मार्मिक पल ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। लेकिन इस दौरान सबसे अहम और चर्चित दृश्य तब सामने आया, जब मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस भी मौजूद थे। लंबे समय से राजनीतिक मतभेदों के बीच चाचा-भतीजे का आमना-सामना हुआ। चिराग पासवान ने आगे बढ़कर अपने चाचा पशुपति कुमार पारस के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

इसके बाद दोनों के बीच करीब पांच मिनट तक बातचीत भी हुई, हालांकि बातचीत के विषय का खुलासा नहीं हो सका। यही नहीं, इस मौके पर चिराग पासवान की अपने छोटे भाई प्रिंस राज से भी मुलाकात हुई। दोनों भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाया और समर्थकों के बीच जोश के नारे भी लगाए। कुल मिलाकर, यह मुलाकात सिर्फ एक पारिवारिक शोक का पल नहीं रहा, बल्कि बिहार की राजनीति में संभावित नई समीकरणों की भी हलचल पैदा कर गया है।