Bus carrying laborers overturns while trying to avoid a car; 25 injured.

कटिहार: कटिहार कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब नवादा जिले से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रहे मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 से 70 मजदूर सवार थे, जो ईंट-भट्ठे में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कार सामने आ जाने से बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इस हादसे में कुल 25 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार के अनुसार, गंभीर रूप से घायल सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा कार को बचाने के प्रयास में बस के अनियंत्रित होने के कारण हुआ।