Bihar: Irregularities found during school inspection

कैमूर: कैमूर के जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खजुरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं कार्यक्रम पदाधिकारी भी उपस्थित थे। निरीक्षण की शुरुआत मिड डे मील के अवलोकन से हुई, जहां भोजन की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की गई। मेन्यू के अनुसार भोजन तो बना था, लेकिन उसकी गुणवत्ता अत्यंत खराब पाई गई। साथ ही, भोजन परोसने की जगह पर साफ-सफाई का घोर अभाव देखा गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए विद्यालय प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसमें कई कमरों में पंखे नहीं थे, छात्राओं के बिस्तरों पर चादर व जरूरी वस्त्रों की कमी पाई गई और चारों ओर गंदगी फैली थी।

छात्राओं ने यह भी बताया कि उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्रधानाचार्य और वार्डन को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद भी किया और उनकी शैक्षणिक स्थिति, रहन-सहन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य केंद्रित पढ़ाई की सलाह देते हुए तकनीकी और समग्र शिक्षा को अपनाने के लिए प्रेरित किया। सुरक्षा के संबंध में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावास परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे चालू रहें। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को भोजन, स्वच्छता और आवासन से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं में अविलंब सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA