शिक्षा की ताकत से बाबासाहेब ने विश्व में बनाई पहचान: सिविल सर्जन रोहतास

सासाराम (रोहतास)। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मंगलवार को पूरे रोहतास जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रोहतास के सिविल सर्जन डॉ. मणि राज रंजन ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. मणि राज रंजन ने कहा कि बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में अपनी विद्वत्ता का लोहा मनवाया है। उन्होंने संघर्ष और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी पढ़ाई की ताकत से जो मुकाम हासिल किया, वह आज पूरी दुनिया के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया कि शिक्षा वह शस्त्र है जिससे समाज और राष्ट्र में बदलाव लाया जा सकता है। सिविल सर्जन ने आगे कहा कि बाबासाहेब भारतीय संविधान के मुख्य रचयिता हैं, जिन्होंने हर वर्ग को समानता का अधिकार दिया। आज जिस तरह से एससी-एसटी समाज और देश का हर नागरिक उनके बताए मार्ग और उनके कर्मठ विचारों पर चल रहा है, वह समाज में एक बड़ा और सकारात्मक संदेश दे रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बाबासाहेब के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के नारे को आत्मसात करें ताकि एक बेहतर और सशक्त राष्ट्र का निर्माण हो सके।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA