An old man died under suspicious circumstances during the hearing of a land dispute case in Madhubani District Court

बिहार: मधुबनी जिला कोर्ट परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वृद्ध व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान खजौली थाना क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय महेश्वर सिंह के रूप में हुई है। वे भूमि विवाद से जुड़े एक मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोर्ट परिसर में उनकी मुलाकात उन लोगों से हुई जिनसे उनकी जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।

इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हल्की धक्का-मुक्की में बदल गई। इसी बीच महेश्वर सिंह अचानक जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला हार्ट अटैक या सदमे से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने ऐहतियातन उन सभी व्यक्तियों को हिरासत में लिया है जिनसे मृतक का विवाद था।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और आम लोगों के बीच हड़कंप मच गया। सभी ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।