धनबाद में आवारा कुत्तों के हमले में 5 साल के मासूम की मौत, मुआवजा और कार्रवाई की मांग

धनबाद। Dhanbad के बसेरिया 4 नंबर यादव बस्ती में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक पांच वर्षीय मासूम की जान ले ली। मृतक की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है, जो कुंदन यादव का पुत्र था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अंकित अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक मंदिर के पास खेलने गया था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को घेर लिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों के पहुंचने तक बच्चे की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो अपने बच्चे को मृत अवस्था में देख वे बिलख पड़े। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। समाजसेवियों ने भी प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की अपील की गई है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA