
बिहार: सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की उम्र लगभग 22 वर्ष आंकी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसकी हत्या सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर की गई है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या पत्थर से कुचलकर की गई है। सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
युवक की वेशभूषा और कपड़ों से वह मजदूर प्रतीत हो रहा है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे शव मिलने की सूचना मिली थी। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे उसकी मौत हुई है। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची है और साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में युवक की पहचान के लिए सोशल मीडिया की मदद ली है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि मृतक किस दिशा से आया और किन परिस्थितियों में वारदात हुई।
घटनास्थल पर सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, सब इंस्पेक्टर खुशबू कुमारी, बजरंगी कुमार और सनोज वर्मा मौजूद रहे। स्थानीय वार्ड पार्षद सिंकु सिन्हा ने बताया कि मृतक युवक उनके वार्ड का नहीं प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस हत्या के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। युवक की पहचान होने के बाद ही हत्यारों तक पहुंचने में मदद मिल सकेगी।






