Home बिहार बिहार: गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके वालों ने ससुराल...

बिहार: गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप

384
0
Bihar: Sensation due to suspicious death of pregnant woman, her parents accuse in-laws of murder

बिहार: सीवान के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोंहरिया गांव में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका की पहचान पिंकी सिंह के रूप में हुई। उनकी शादी वर्ष 2019 में गोंहरिया गांव निवासी दीपक सिंह से हुई थी। पिंकी तीन बच्चों की माँ थीं और एक बार फिर गर्भवती थीं। मायके वालों का आरोप है कि यह महज एक दुर्घटना या आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतका के भाई सुनील सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले पिंकी और उसके ससुराल पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे पारिवारिक स्तर पर सुलझा लिया गया था।

मगर बुधवार को जब मायके से पिंकी को फोन किया गया, तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। बार-बार प्रयास के बावजूद जब न तो पिंकी और न ही उसके ससुराल पक्ष के किसी सदस्य से संपर्क हो सका, तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद मायके वाले गोंहरिया गांव पहुंचे, जहां घर का मुख्य दरवाज़ा बंद मिला। गांव वालों की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया, तो कमरे के अंदर का मंजर देखकर सभी स्तब्ध रह गए। पिंकी बेसुध अवस्था में पड़ी थी और उसके शरीर पर कई जख्मों के निशान थे। आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

GNSU Admission Open 2026

चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं और उनके मोबाइल फोन भी बंद हैं। यह परिस्थिति मामले को और भी संदेहास्पद बना रही है। सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं लोगों का कहना है कि पिंकी की मौत ने पूरे गांव और इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक गर्भवती महिला की इस तरह संदिग्ध अवस्था में मौत और आरोपियों का फरार होना कई सवाल खड़े करता है। वहीं परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।





GNSU Admission Open 2026