Home बिहार फुलवारी शरीफ में संदिग्ध हालात में मिला शव, जांच जारी

फुलवारी शरीफ में संदिग्ध हालात में मिला शव, जांच जारी

436
0
Body found in suspicious circumstances in Phulwari Sharif

पटना: गुरुवार सुबह राजधानी पटना से सटे फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान फुलवारी शरीफ के जोगिया पुर टोली निवासी नारायण शर्मा के पुत्र अजय शर्मा (50)  के रूप में हुई है। शव कुरकुरी मुसहरी इलाके में पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर कई जख्म के निशान पाए गए हैं और नाक-कान से खून भी निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और संभवतः सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की गई है। फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मसूद हैदरी ने बताया कि शव की हालत देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि अजय शर्मा की पिटाई कर हत्या की गई है।

शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं और खून निकल रहा था, जिससे हत्या की पुष्टि की आशंका मजबूत होती है। घटनास्थल से एक पत्थर भी बरामद किया गया है जिससे हमला किया गया हो सकता है। परिजनों के अनुसार अजय शर्मा बढ़ई का काम करते थे। बुधवार सुबह नाश्ता करने के बाद वह यह कहकर घर से निकले थे कि मजदूरी के लिए जा रहे हैं। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह सूचना मिली कि कुरकुरी मुसहरी में एक शव पड़ा है, जो अजय शर्मा का निकला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।

GNSU Admission Open 2026


GNSU Admission Open 2026