Now it's our turn: Preparations for Putin's visit to India

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत आएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुतिन के भारत दौरे की तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, पुतिन की यात्रा की तारीख का खुलासा नहीं किया गया। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पहली बार होगा, जब रूसी राष्ट्रपति भारत आएंगे। रूसी अंतरराष्ट्रीय मामलों की परिषद (आरआईएसी) द्वारा ‘रूस और भारत एक नए द्विपक्षीय एजेंडे की ओर’ शीर्षक से एक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसे रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। अपने वीडियो संबोधन के दौरान लावरोव ने कहा, ‘पुतिन के भारत आने की व्यवस्था की जा रही है।’ सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस ने रूसी विदेश मंत्री लावरोव के हवाले से कहा, ‘राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारतीय सरकार के प्रमुख के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। पुतिन की भारत की यात्रा की तैयारी की जा रही है।’ इस दौरान लावरोव ने कहा कि पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी के दोबारा चुने जाने के बाद, उन्होंने अपनी पहली विदेश यात्रा रूस में की थी। उन्होंने कहा, ‘अब हमारी बारी है।’ बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई 2024 में रूस की यात्रा की थी, जो लगभग पांच वर्षों में उनकी पहली यात्रा थी। इससे पहले, उन्होंने 2019 में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए सुदूर पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक का दौरा किया था। अपनी 2024 की यात्रा के दौरान, पीएम मोदी ने पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया था। 24 मार्च को, लावरोव ने कहा कि रूस भारत के साथ ‘विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ विकसित कर रहा है। उन्होंने एक कार्यक्रम में बताया कि रूस चीन, भारत, ईरान, उत्तर कोरिया और स्वतंत्र राष्ट्रों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) देशों के साथ अपने संबंधों को बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा, ‘चीन के साथ हमारी साझेदारी और रणनीतिक सहयोग में आपसी विश्वास का एक अभूतपूर्व स्तर है। भारत के साथ हमारी विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी भी विकसित हो रही है।’



GNSU Admission Open 2026