दिनारा में ऑटो एजेंट का शव मिलने से सनसनी, आक्रोशित लोगों ने NH किया जाम
Sensation in Dinara following the discovery of an auto agent's body; enraged locals block the national highway (NH).

दिनारा (रोहतास): रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में आरा-मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोचस थाना क्षेत्र के अमैसी डिहरा गांव निवासी 35 वर्षीय बच्चा यादव के रूप में हुई है। वह कोचस में ऑटो एजेंट के रूप में काम करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। विरोध में लोगों ने शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, बच्चा यादव बुधवार देर रात तक घर नहीं लौटा था। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद गुरुवार सुबह आरा-मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

GNSU Admission Open 2026

घटना की जानकारी मिलने के बाद दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे पर आवागमन बाधित कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिनारा के प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।