जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 600 से अधिक दीवारें रंगने का लक्ष्य
‘Rang De Gulabi 2.0’ campaign in Jaipur; target set to paint over 600 walls

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और गुलाबी रंगों से सुसज्जित करने के उद्देश्य से जयपुर नगर निगम ने शनिवार को ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान का आयोजन किया। इस पहल के माध्यम से शहर की दीवारों को आकर्षक पेंटिंग से सजाकर जयपुर की खूबसूरती को नया रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान में महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने भाग लिया। महापौर कोठारी ने स्वयं दीवारों पर पेंटिंग कर अभियान में योगदान दिया और मौके पर काम कर रही टीम का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे पेंटिंग कार्यों का निरीक्षण भी किया।

GNSU Admission Open 2026

बायोडायवर्सिटी पार्क के सामने हुई पेंटिंग

‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान के तहत झोटवाड़ा-वैशाली नगर जोन के वार्ड संख्या 27 में बायोडायवर्सिटी पार्क के सामने स्थित दीवार पर पेंटिंग कराई गई। इस दौरान उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने भी पेंटिंग कर अभियान में भागीदारी निभाई और काम कर रही टीम का मनोबल बढ़ाया।

महापौर सुनील कोठारी और निगम आयुक्त ओम कसेरा ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में दीवारों पर बनाई जा रही पेंटिंग का जायजा लिया। उन्होंने पेंटिंग कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं का उत्साहवर्धन किया। अभियान में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी से शहर की सार्वजनिक दीवारों को रचनात्मक और आकर्षक बनाने की पहल को प्रोत्साहन मिला।

एक दिन में 600 से अधिक दीवारों को रंगने का लक्ष्य

जयपुर की सुंदरता बढ़ाने के लिए नगर निगम ने इस विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 600 से अधिक दीवारों को रंगने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के जरिए शहर के विभिन्न हिस्सों में दीवारों को रंगीन और आकर्षक बनाकर सार्वजनिक स्थानों की सूरत बदलने की कोशिश की जा रही है।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य जयपुर की गुलाबी पहचान को और निखारना तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयासों को गति देना है। ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान के माध्यम से शहर की दीवारों को नया रूप देने के साथ नागरिकों और युवाओं को भी शहर की सुंदरता बढ़ाने के प्रयासों से जोड़ने का संदेश दिया गया।