केरल में भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा, कई सेवाएं प्रभावित

तिरुवनंतपुरम (केरल)। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले में परसाला रेलवे स्टेशन के पास भूस्खलन के कारण बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। इस घटना के बाद रेलवे मार्ग पर परिचालन प्रभावित हुआ और कई यात्री ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलवे के अनुसार, हादसे में सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी सुरक्षित हैं।

रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 22619 बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस के साथ यह घटना नेय्यत्तिनकारा-परसाला रेलखंड पर किलोमीटर संख्या 249 के पास हुई। बुधवार देर रात करीब 2:19 बजे परसाला रेलवे स्टेशन के निकट भूस्खलन के बाद ट्रेन को रोक दिया गया। इसी दौरान ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया।

GNSU Admission Open 2026

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे ने राहत और बहाली कार्य शुरू कर दिया। प्रभावित ट्रेन को हटाने के लिए तत्काल राहत इंजन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) को आवश्यक कर्मचारियों और उपकरणों के साथ घटनास्थल पर भेजा गया। रेलवे कर्मियों ने रेलमार्ग को साफ करने और सामान्य परिचालन बहाल करने के लिए काम शुरू किया।

भूस्खलन के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ट्रेन संख्या 06163 तांबरम-तिरुवनंतपुरम सेंट्रल स्पेशल को एरानिएल, ट्रेन संख्या 16729 मदुरै-पुनालुर एक्सप्रेस को उत्तरी पानाकुडी और ट्रेन संख्या 16121 तांबरम-तिरुवनंतपुरम सेंट्रल अमृत भारत एक्सप्रेस को नांगुनेरी में रोकना पड़ा।

इसके अलावा कन्याकुमारी-मंगलुरु सेंट्रल परशुराम एक्सप्रेस, नागरकोइल-पुनालुर पैसेंजर और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल पैसेंजर के परिचालन पर भी असर पड़ा। रेलवे के अनुसार, पुनालुर-कन्याकुमारी पैसेंजर और तिरुवनंतपुरम सेंट्रल-तांबरम एक्सप्रेस के साथ-साथ गुरुवायूर-चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस तथा पुणे-कन्याकुमारी एक्सप्रेस के परिचालन में भी देरी की आशंका थी।

रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित रेलखंड पर परिचालन सामान्य करने के लिए राहत और मरम्मत कार्य तेज कर दिया। इस घटना के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलमार्ग की बहाली के बाद ही प्रभावित सेवाओं का संचालन सामान्य होने की उम्मीद थी।