सऊदी अरब के लिए एयर इंडिया की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द
Air India flights to Saudi Arabia cancelled until October 20

नयी दिल्ली। सऊदी अरब में बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए एयर इंडिया ने अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी सऊदी अरब से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को इस अवधि तक स्थगित रखने का फैसला किया है। इससे पहले इंडिगो और अकासा एयर भी अपनी उड़ानों के रद्द रहने की अवधि बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं।

एयर इंडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, रियाद, दम्मम और जेद्दा के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। कंपनी ने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने का फैसला सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद लिया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए एयर इंडिया ने टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड देने की व्यवस्था की है। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दम्मम, जेद्दा और रियाद की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रखने की जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, प्रभावित यात्री अपनी यात्रा की तारीख में बिना अतिरिक्त शुल्क के बदलाव कर सकते हैं या टिकट रद्द कराकर पूरा रिफंड प्राप्त कर सकते हैं।

इससे पहले इंडिगो ने अपनी उड़ानों के रद्द रहने की अवधि बढ़ाते हुए रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए सेवाएं 24 अक्टूबर तक स्थगित रखने की घोषणा की थी। वहीं, अकासा एयर ने रियाद के लिए उड़ानें 24 अक्टूबर तक और जेद्दा के लिए उड़ानें 21 अक्टूबर तक रद्द रखने का निर्णय लिया है।

सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी चिंताओं और हवाई अड्डों पर हमलों से जुड़े घटनाक्रम के बाद भारतीय विमानन कंपनियों ने यह कदम उठाया है। इन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोका गया है।

यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या ग्राहक सेवा के माध्यम से अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि कर लें। उड़ान सेवाओं की बहाली सुरक्षा हालात की समीक्षा और एयरलाइनों के अगले फैसले पर निर्भर करेगी।