कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी
Heavy rain alert, strong winds and hailstorm warning in many states

नयी दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्व मानसून की बारिश शुरू होने के अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।

आईएमडी के ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, 15 अक्टूबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 16 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।

GNSU Admission Open 2026

कई इलाकों में दर्ज हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 14 अक्टूबर की सुबह से 15 अक्टूबर की सुबह तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। अंबाला में 3 सेंटीमीटर, जबकि पटियाला और श्रीगंगानगर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई। जम्मू और कुकेरनाग में 3-3 सेंटीमीटर तथा काजीगुंड, श्रीनगर और कटरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों, बागवानी, बिजली और संचार लाइनों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को फसलों और बागों को ओलों से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है। 17 से 21 अक्टूबर के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में तेज बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 16 अक्टूबर को दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी ऐसे ही हालात रहने की संभावना है। 15 से 20 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, केरल और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में व्यापक बारिश का अनुमान है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।

लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीय बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा है। सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है। तमिलनाडु के नागपट्टिनम में 9 सेंटीमीटर, कराईकल में 8 सेंटीमीटर और विशाखापत्तनम में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा, 15 से 20 अक्टूबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है।