सासाराम में नवरात्र की धूम, डांडिया करती दिखीं महिलाएं
Navratri celebrations in Sasaram, women seen dancing Dandiya

सासाराम (रोहतास): शारदीय नवरात्र को लेकर सासाराम में भक्ति और उत्साह का माहौल है। शहर के नेहरू शिशु उद्यान यानी नेहरू पार्क में इन दिनों सुबह-सुबह डांडिया की थाप गूंज रही है। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया का अभ्यास कर रही हैं। खास बात यह है कि गृहणियों के साथ 45 से 50 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं भी पूरे जोश और उत्साह के साथ इसमें हिस्सा ले रही हैं।

नेहरू पार्क में सुबह के समय महिलाओं का समूह एकत्रित होता है। हाथों में डांडिया स्टिक लेकर महिलाएं संगीत की धुन पर अलग-अलग स्टेप का अभ्यास करती हैं। उनके चेहरों पर त्योहार की खुशी और उत्सव की रौनक साफ दिखाई देती है। महिलाओं के इस उत्साह से पार्क का माहौल भी उत्सवमय हो गया है।

GNSU Admission Open 2026

महिलाओं को डांडिया का प्रशिक्षण दे रहीं शिक्षिका सिंपल देवी ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से नेहरू पार्क में महिलाओं को डांडिया सिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस तरह के आयोजन में महिलाओं की भागीदारी कम थी, लेकिन अब हर सुबह महिलाएं योगाभ्यास के साथ डांडिया का अभ्यास भी करती हैं। नवरात्र के दौरान होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सिंपल देवी के अनुसार, गरबा और डांडिया का मुख्य कार्यक्रम पायलट बाबा धाम परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम पांच बजे से शुरू होगा। इसमें महिलाएं पारंपरिक अंदाज में गरबा और डांडिया प्रस्तुत करेंगी।

बच्चियों के लिए प्रवेश नि:शुल्क

आयोजन की खास बात यह है कि नवरात्र के नौ दिनों में नवदुर्गा का स्वरूप मानी जाने वाली बच्चियों के लिए कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। इससे बच्चियों को भी इस सांस्कृतिक उत्सव में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

डांडिया का अभ्यास कर रहीं महिलाओं का कहना है कि इस तरह के आयोजन से त्योहार की खुशियां बढ़ती हैं। साथ ही, महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने, आपसी मेलजोल बढ़ाने और शारीरिक रूप से सक्रिय रहने का अवसर मिलता है। नेहरू पार्क में महिलाओं का उत्साह नवरात्र के रंग को और गहरा कर रहा है।