सासाराम में सीएम सम्राट चौधरी के दौरे की तैयारी तेज
Preparations intensify in Sasaram for CM Samrat Chaudhary's visit.

सासाराम। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सासाराम दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सासाराम के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री आम लोगों से संवाद भी करेंगे।

मुख्य कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में बड़ा मंच तैयार किया गया है। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से बिहार सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। विशेष रूप से जीविका दीदियों से जुड़ी गतिविधियों और योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे और योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों से संबंधित जानकारी भी लेंगे। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने का काम लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सासाराम में 550 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 176 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने की तैयारी है। इन योजनाओं के माध्यम से जिले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य कार्यक्रम पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर और बेदा बस स्टैंड के आसपास प्रस्तावित है। नगर निगम के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। मंच, शिविर, स्टॉल, साफ-सफाई, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी काम किया जा रहा है।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के नोडल अधिकारी एवं जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।