झारखंड पहुंचे भाजपा के नए प्रभारी, रांची एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
New BJP in-charge arrives in Jharkhand; grand welcome at Ranchi airport.

रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के साथ प्रदेश के दोनों सह-प्रभारियों सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह के झारखंड पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। नए संगठनात्मक नेतृत्व के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप तीनों नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ नेताओं का अभिनंदन किया गया। एयरपोर्ट परिसर पार्टी कार्यकर्ताओं के जयघोष से गूंज उठा।

GNSU Admission Open 2026

स्वागत कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और बालमुकुंद सहाय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा और अमर कुमार बाउरी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इसके अलावा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसिखियार, सरोज सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, विरंची नारायण, सीमा सिंह, सन्नी टोप्पो, संदीप वर्मा, सूरज शाहदेव, वरुण साहू, धीरज महतो, जितेंद्र वर्मा और जितेंद्र पटेल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों का स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और सह-प्रभारी सौरभ सिंह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सीधे खूंटी के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

उलिहातू में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पार्टी नेताओं ने झारखंड की जनजातीय विरासत और स्वतंत्रता आंदोलन में बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया। नए संगठनात्मक नेतृत्व के आगमन के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी उत्साह देखा गया।