पांढुर्णा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पांढुर्णा में आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, प्राकृतिक खेती से तैयार सामग्री और महिला स्व-सहायता समूहों के हस्तशिल्प की सराहना करते हुए इनके बेहतर प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की श्वेता साबले और दीपांशु पराड़कर तथा सांदीपनी स्कूल की दिव्या करबे को स्कूटी देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिविर में मुख्यमंत्री ने वन मंडल सामान्य के स्टॉल पर आयुर्वेदिक और औषधीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय वन एवं औषधीय संसाधनों से तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और उनके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग के स्टॉल पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के स्टॉल पर स्थानीय उद्यमियों के अचार, टोमेटो सॉस और विभिन्न मसालों का भी अवलोकन किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी लेने के साथ मुख्यमंत्री ने ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला समूहों द्वारा तैयार लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट और टी-लाइट क्राफ्ट सहित अन्य हस्तशिल्प देखे। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल पर प्राकृतिक खेती से तैयार सब्जियां, अनाज और हल्दी भी देखी।
कार्यक्रम में ड्रिप इरिगेशन, औजार अनुदान, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ दिया गया। पात्र लोगों को श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, ब्रेल किट, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, बायो रिसोर्स सेंटर और आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए।
‘हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान’ और ‘हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान’ थीम के तहत मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों का शॉल और श्रीफल से सम्मान किया तथा बच्चों से संवाद कर उन्हें ड्रॉइंग किट, मिठाई और चॉकलेट वितरित की।







