डेहरी-आन-सोन। आगामी दुर्गा पूजा, जितिया और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर डेहरी अनुमंडल कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने की। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के अलावा शांति समिति के सदस्य और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पूजा पंडालों की निगरानी, नदी घाटों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि पर्व के दौरान सोन नदी के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में जलस्तर और घाटों की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
डीएम ने सीओ, थानाध्यक्ष और एसडीपीओ को अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान खतरनाक घाटों को चिह्नित किया जाएगा और ऐसे घाटों पर लोगों के जाने पर रोक लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य पूजा और विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने सड़कों पर मौजूद गड्ढों और बिजली से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। डीएम ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं का जल्द समाधान कराने का निर्देश दिया। वहीं, पूजा पंडालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमों को निरीक्षण के लिए तैनात किया जा रहा है। पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी एनओसी की व्यवस्था की भी जांच की जाएगी।
एसपी मिस्टर राज ने कहा कि त्योहारों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी पूजा पंडालों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संकरी गलियों और मोहल्लों में निगरानी बढ़ाने के लिए विशेष बाइक पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने शांति समिति, पूजा समितियों और आम लोगों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की, ताकि सभी पर्व भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।







