काकामिगहारा। एशियन गेम्स 2026 के पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में भारत का सामना अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमें जापान के काकामिगहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा।
पूल ए में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते। भारतीय टीम ने इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1, दक्षिण कोरिया को 8-2, जापान को 2-0 और बांग्लादेश को 10-0 से हराया। मौजूदा चैंपियन भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह अब तक नौ गोल कर चुके हैं, जबकि अभिषेक और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने आठ-आठ गोल किए हैं।
दूसरी ओर, पाकिस्तान पूल बी में दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचा। उसने थाईलैंड को 9-0, उज्बेकिस्तान को 5-1, चीन को 3-0 और ओमान को 7-2 से हराया। हालांकि, उसे पूल में शीर्ष पर रही मलेशिया के खिलाफ 5-4 से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान की कप्तानी सुफियान खान कर रहे हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 11 गोल किए हैं और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों में शीर्ष पर हैं।
एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान का रिकॉर्ड
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी की प्रतिद्वंद्विता का लंबा इतिहास रहा है। 1956 के मेलबर्न ओलंपिक फाइनल के बाद से दोनों टीमों के बीच कुल 184 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पाकिस्तान ने 82 और भारत ने 70 मैच जीते, जबकि 32 मुकाबले ड्रॉ रहे।
एशियन गेम्स में दोनों टीमें 16 बार आमने-सामने आई हैं। पाकिस्तान ने आठ और भारत ने पांच मैच जीते, जबकि तीन मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। हांगझोऊ 2023 के ग्रुप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से हराया था। पाकिस्तान ने एशियन गेम्स में आखिरी बार भारत को इंचियोन 2014 में 2-1 से पराजित किया था।
पाकिस्तान ने पुरुष हॉकी में आठ बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीता है, जबकि भारत चार बार चैंपियन बना है। भारत मौजूदा विजेता है और उसने हांगझोऊ 2023 में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
एशियन गेम्स 2026 का हॉकी टूर्नामेंट लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग प्रतियोगिता भी है। इसमें स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम को ओलंपिक का शुरुआती कोटा मिलेगा। ऐसे में सेमीफाइनल का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम होगा।







