बिहार में विशेष अभियान, 47 हजार से अधिक वाहनों की जांच
Special drive in Bihar; over 47,000 vehicles checked.

बिहार में विशेष अभियान, 47 हजार से अधिक वाहनों की जांच

पटना। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बिहार में 27 सितंबर को व्यापक क्षेत्रव्यापी अभियान चलाया गया। गृह विभाग के निर्देश पर बिहार पुलिस, रेल पुलिस तथा मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने संयुक्त रूप से यह विशेष अभियान चलाया। रात 9 बजे से 10 बजे तक चले अभियान में विभिन्न जिलों में वाहन जांच, गिरफ्तारी, वारंट निष्पादन और अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

गृह विभाग के अनुसार, जिला पुलिस ने अभियान के दौरान 47,718 वाहनों की जांच की। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 3,660 वाहनों से कुल 56,00,054 रुपये की शमन राशि वसूल की गई, जबकि 110 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 736 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 116 वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। शराब के नशे में पाए गए 29 लोगों को भी हिरासत में लिया गया।

GNSU Admission Open 2026

अभियान के दौरान अवैध शराब और मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद की गई। पुलिस ने 1,169.63 लीटर देशी शराब, 3,482.482 लीटर विदेशी शराब, 216 ग्राम स्मैक, 3.17 ग्राम हेरोइन और 3.37 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा चार हथियार, एक कारतूस, 54 मोबाइल फोन और 9,31,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

रेल पुलिस की कार्रवाई
रेल पुलिस ने भी अभियान के तहत 240 वाहनों की जांच की। इस दौरान नौ अभियुक्तों और एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया। रेल पुलिस ने 55.3 लीटर देशी शराब, 205.13 लीटर विदेशी शराब, छह मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए।

पटना में विशेष कार्रवाई
पटना में मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने 131 दुकानों की जांच की। गांधी मैदान क्षेत्र से 74 लीटर आईएमएफएल, एक ऑटो, एक बुलेट, एक स्कूटी, 50 एटीएम पासबुक एवं चेकबुक और दो मोबाइल बरामद किए गए। कोतवाली क्षेत्र से 280 ग्राम गांजा और दो मोबाइल, जबकि शास्त्रीनगर क्षेत्र से सिगरेट, गांजा और गोगो बरामद किया गया। इन कार्रवाइयों में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई।

गृह विभाग ने संबंधित इकाइयों को ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।