कूल्हे की चोट से जूझ रहीं मोलिन्यूक्स, बांग्लादेश सीरीज पर संशय

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स के अगले महीने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने को लेकर संशय बना हुआ है। मोलिन्यूक्स कूल्हे की चोट से जूझ रही हैं और इसी कारण वह महिला राष्ट्रीय क्रिकेट लीग (WNCL) के शुरुआती मुकाबलों के लिए विक्टोरिया की टीम में शामिल नहीं हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की ओर से बताया गया है कि मोलिन्यूक्स के कूल्हे के जोड़ में चोट है और आगामी सीरीज में उनके खेलने पर फैसला उनकी फिटनेस के आधार पर किया जाएगा। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा बुधवार को होने की उम्मीद है।

GNSU Admission Open 2026

दोनों टीमों के बीच तीनों वनडे मुकाबले ब्रिस्बेन में खेले जाएंगे। सीरीज का पहला मैच 9 अक्टूबर, दूसरा 11 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 14 अक्टूबर को निर्धारित है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन के लिए मोलिन्यूक्स की फिटनेस अहम बनी हुई है।

मोलिन्यूक्स का अंतरराष्ट्रीय करियर पिछले कुछ समय से चोटों से प्रभावित रहा है। हाल ही में उन्हें पीठ की समस्या का सामना करना पड़ा था, जिसके कारण इस साल की शुरुआत में उनकी कप्तानी की शुरुआत भी प्रभावित हुई थी। चोट से वापसी के बाद उन्होंने टी-20 विश्व कप में ऑलराउंडर की भूमिका निभाई और ऑस्ट्रेलिया को खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया था। इससे पहले वेस्टइंडीज दौरे पर वह मुख्य रूप से बल्लेबाज की भूमिका में खेली थीं।

ऑस्ट्रेलिया का अक्टूबर का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों के बाद टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। इसके बाद अगले साल मार्च में न्यूजीलैंड की टीम तीन वनडे मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।

मोलिन्यूक्स की अनुपस्थिति की स्थिति में टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी उप-कप्तान ताहलिया मैकग्राथ या एश्ली गार्डनर में से किसी को मिल सकती है। दोनों को इस साल की शुरुआत में संयुक्त रूप से उप-कप्तान बनाया गया था। मोलिन्यूक्स की गैरमौजूदगी में मैकग्राथ ने वेस्टइंडीज दौरे पर टीम की कप्तानी की थी।