विश्व पर्यटन दिवस पर शेरशाह सूरी मकबरे में स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने दिया संदेश
Cleanliness drive at Sher Shah Suri's Tomb on World Tourism Day; officials convey a message.

सासाराम: विश्व पर्यटन दिवस और ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ पखवाड़े के तहत रविवार को ऐतिहासिक शेरशाह सूरी मकबरा परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व रोहतास की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आकांक्षा आनंद, सासाराम की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रिया रानी और नगर आयुक्त विकास कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम के सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने मकबरा परिसर की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के तहत परिसर में बिखरे प्लास्टिक कचरे, खाली बोतलों और अन्य गंदगी को एकत्र कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया गया।

GNSU Admission Open 2026

इसके साथ ही जागरूकता रैली निकाली गई। बैनर और पोस्टर के माध्यम से लोगों से सार्वजनिक स्थलों एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।

धरोहरों की स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी: डीडीसी

डीडीसी आकांक्षा आनंद ने कहा कि शेरशाह सूरी का मकबरा शहर और देश की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से प्लास्टिक कचरा खुले में नहीं फेंकने, परिसर के उद्यानों को स्वच्छ रखने और ऐतिहासिक स्मारकों की दीवारों पर लिखावट या तोड़फोड़ नहीं करने की अपील की।

तालाब की सफाई कराने का आश्वासन

स्थानीय लोगों द्वारा मकबरे के आसपास स्थित ऐतिहासिक तालाब की सफाई का मुद्दा उठाए जाने पर डीडीसी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बारिश थमने के बाद नगर निगम द्वारा तालाब की समुचित सफाई कराई जाएगी।

एसडीएम प्रिया रानी और नगर आयुक्त विकास कुमार ने भी लोगों से पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखकर शहर की सकारात्मक छवि बनाए रखने की अपील की। अभियान में नगर निगम कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।