सासाराम: जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय (GNSU) परिसर में आयोजित CBSE नेशनल गर्ल्स बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन हो गया। अंतिम दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। तीनों वर्गों की विजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
कई दिनों तक चले लीग और नॉकआउट मुकाबलों के बाद फाइनल में रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंडर-14 वर्ग में मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र ने विद्यानिकेतन पब्लिक स्कूल, बेंगलुरु को 22-16 से हराकर खिताब जीता।
अंडर-17 वर्ग के फाइनल में सैक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चंडीगढ़ ने वेलाम्मल विद्यालय, चेन्नई को 26-22 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अंडर-19 वर्ग में आईटीएम ग्लोबल स्कूल, ग्वालियर ने मेरठ पब्लिक स्कूल, मेरठ को 57-39 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
बिहार की मेहमाननवाजी ने जीता खिलाड़ियों का दिल
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से पहुंचीं खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने खेल के साथ बिहार की संस्कृति और मेहमाननवाजी का अनुभव भी साझा किया।
कई उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों, कोच और अभिभावकों ने कहा कि मुकाबले में हार के बावजूद बिहार में मिला आतिथ्य, विश्वविद्यालय परिसर का माहौल और आयोजन का अनुभव उनके लिए यादगार रहा।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मुकाबलों के साथ चैंपियनशिप का समापन हुआ, लेकिन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और यादगार अनुभवों ने इस आयोजन को खास बना दिया।







