सासाराम: रोहतास के सासाराम में देर रात एक दंपती की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बेदा बस स्टैंड से पश्चिम नहर के पास की है। वारदात के समय दोनों घर की छत पर सो रहे थे।
मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय ननकी देवी और उनके 45 वर्षीय पति मणि भूषण कुमार के रूप में हुई है। मणि भूषण कुमार मूल रूप से पश्चिमी चंपारण के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों बेदा मोड़ के पास ‘वेज कॉर्नर’ नाम से भोजनालय चलाते थे।
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के कमरों में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच छत से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मृतका के बेटे अभिषेक कुमार ने बताया कि जब उसने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद था।
अभिषेक के अनुसार, उसने एक व्यक्ति को छत से नीचे उतरते देखा, लेकिन आरोपी ने उसकी आंखों पर तेज रोशनी वाली टॉर्च डाल दी। इससे वह आरोपी का चेहरा नहीं देख सका। शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां दंपती मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सासाराम एसडीपीओ-2 संजीव कुमार के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।








