sasaram-double-murder-couple-shot-dead-while-sleeping-on-roof

सासाराम: रोहतास जिले के सासाराम में देर रात एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में घर की छत पर सो रहे दंपती की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई है।

घटना बेदा बस स्टैंड से पश्चिम, नहर के समीप की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय ननकी देवी और उनके 45 वर्षीय पति मणि भूषण कुमार के रूप में हुई है। मणि भूषण कुमार मूल रूप से पश्चिमी चंपारण के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

जानकारी के अनुसार, ननकी देवी के पहले पति कृष्णा बिन्द की करीब पांच साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद ननकी देवी और मणि भूषण कुमार ने बेदा मोड़ के पास ‘वेज कॉर्नर’ नाम से भोजनालय चलाना शुरू किया था। दोनों लंबे समय तक साथ रहे और बाद में शादी कर ली थी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के कमरों में सो रहे थे, जबकि दंपती छत पर सो रहे थे। मृतका के बेटे अभिषेक कुमार के मुताबिक, रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच छत से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जब उसने बाहर निकलने की कोशिश की तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।

अभिषेक के अनुसार, इसी दौरान उसने एक व्यक्ति को छत से नीचे उतरते देखा, लेकिन आरोपी ने उसकी आंखों पर तेज रोशनी वाली टॉर्च डाल दी, जिससे वह उसकी पहचान नहीं कर सका। शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सासाराम एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है।