औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज में ग्रामीणों के साथ कथित तौर पर नशे की हालत में विवाद करना एक एएसआई को भारी पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और एएसआई मुक्ति देव निराला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि रफीगंज थाना में पदस्थापित एएसआई मुक्ति देव निराला अब्दुलपुर की ओर से रफीगंज नगर पंचायत के एक जनप्रतिनिधि के साथ बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान रफीगंज सरकारी अस्पताल के पास बाइक सवार दो अन्य लोगों से उनकी कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एएसआई शराब के नशे में थे और लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। औरंगाबाद सदर-2 के एसडीपीओ आदित्य कुमार ने मामले की जांच की पुष्टि करते हुए बताया कि वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजे जाने के बाद एएसआई मुक्ति देव निराला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन के खिलाफ किसी भी तरह की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल वायरल वीडियो और एएसआई के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में है। विभागीय जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।








