The Durgavati River in Kaimur is in spate, water is flowing towards the city; the administration is on alert and a flood control unit is deployed.

कैमूर: कैमूर में लगातार हो रही बारिश और दुर्गावती जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद दुर्गावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी में बढ़ते पानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने का निर्देश जारी किया है। हालात पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। वहीं, शहर की ओर पानी के बढ़ते बहाव को देखते हुए फ्लड कंट्रोल यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया है।

बताया जा रहा है नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव के कारण पानी का बहाव अब शहर की तरफ शुरू हो गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। मोहनिया-भभुआ मुख्य पथ पर रतवार के समीप दुर्गावती नदी पुल पर देर रात प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी के साथ सीओ, बीडीओ, क्यूआरटी और बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

GNSU Admission Open 2026

अंधेरे के कारण नदी के जलस्तर पर नजर रखने में परेशानी न हो, इसके लिए जेनरेटर के जरिए पुल पर चार बड़े वेपर लाइट भी लगाए गए हैं। इधर, बाढ़ की आशंका को देखते हुए फ्लड कंट्रोल यूनिट की टीम भी नदी पुल पर पहुंच चुकी है। प्रशासन के मुताबिक, अगर पानी शहर के लो-लैंड एरिया तक पहुंचता है तो बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में बिजली विभाग भी संभावित स्थिति को लेकर सतर्क है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के आसपास जाने से बचें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।