नयी दिल्ली: कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि महंगाई का असर अब केवल घरेलू बजट तक सीमित नहीं है, बल्कि घर बनाने की लागत भी लगातार बढ़ रही है। पार्टी का कहना है कि निर्माण सामग्री और बिजली से जुड़े सामान की कीमतों में बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्ग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महंगाई की वास्तविक स्थिति से ध्यान भटकाने में लगे हैं, जबकि आम आदमी के लिए अपना घर बनाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
जयराम रमेश के मुताबिक, तांबे के तार की कीमत करीब 850 रुपये से बढ़कर 1,700 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं, एल्युमिनियम की कीमत भी 350 रुपये से बढ़कर 650 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि इससे करीब 1,000 वर्ग फुट के घर की वायरिंग का खर्च 50 हजार रुपये से बढ़कर लगभग एक लाख रुपये हो गया है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि सौर पैनल की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। पंखे, फॉल्स सीलिंग, स्विच-सॉकेट, मेन लाइन केबल और टाइल्स समेत घर निर्माण से जुड़ी कई वस्तुओं की लागत बढ़ी है। घरेलू उपकरणों में प्रेस की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का भी उन्होंने दावा किया।
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय आंकड़ों के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।







