Mayawati's crucial meeting today will discuss preparations for the 2027 UP Assembly elections and strengthening the organization.

लखनऊ, 31 अगस्त: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती सोमवार को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगी। बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों को भी बुलाया गया है।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 12 माल एवेन्यू में सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में मायावती पिछले बैठकों में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगी। इसके साथ ही वह संगठन की मौजूदा स्थिति और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों का फीडबैक भी लेंगी।

GNSU Admission Open 2026

संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर

बैठक में जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पदाधिकारियों से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी चर्चा हो सकती है। मायावती पार्टी नेताओं से संभावित उम्मीदवारों और संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में उनकी स्थिति को लेकर फीडबैक लेंगी।

चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी

बसपा नेतृत्व की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर तैयारियों को तेज करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ऐसे में मायावती की यह बैठक पार्टी की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक के जरिए पार्टी नेतृत्व जिलों में संगठन की स्थिति का आकलन करने के साथ आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दे सकता है।