Make instant paneer dry fruit pulao on Rakshabandhan, delicious and easy to make.

रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर घर में मेहमानों के लिए कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। ऐसे में महिलाओं का काफी समय रसोई में निकल जाता है और वे परिवार के साथ त्योहार का आनंद नहीं उठा पातीं। अगर आप इस रक्षाबंधन पर कम समय में कोई स्वादिष्ट और खास डिश बनाना चाहती हैं, तो पनीर ड्राई फ्रूट पुलाव एक बेहतरीन विकल्प है।

यह पुलाव स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी आसान है। इसे आप रायता, हरी चटनी और सलाद के साथ सर्व कर सकती हैं।

GNSU Admission Open 2026

सामग्री

  • 1 कप बासमती चावल
  • 1 कप पनीर, छोटे टुकड़ों में कटा हुआ
  • 10 काजू
  • 10 बादाम
  • 10-15 किशमिश
  • 5-7 पिस्ता
  • 3-4 बड़े चम्मच घी
  • 1 तेज पत्ता
  • 2 हरी इलायची
  • 1 इंच दालचीनी
  • 3-4 लौंग
  • ½ छोटा चम्मच जीरा
  • 1 बड़ा प्याज, लंबा कटा हुआ
  • 2 हरी मिर्च, बीच से कटी हुई
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
  • बारीक कटा हरा धनिया
  • स्वादानुसार नमक
  • 1½ से 2 कप पानी

पनीर ड्राई फ्रूट पुलाव बनाने की विधि

1. ड्राई फ्रूट्स भूनें:
सबसे पहले कड़ाही या कुकर में 1 चम्मच घी गर्म करें। इसमें काजू, बादाम और किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इन्हें निकालकर अलग रख दें।

2. पनीर सेकें:
उसी बर्तन में पनीर के टुकड़े डालकर हल्का सुनहरा होने तक सेक लें। पनीर को ज्यादा न भूनें, वरना वह कड़ा हो सकता है। पनीर को भी निकालकर अलग रख दें।

3. मसालों का तड़का लगाएं:
अब बचे हुए घी में जीरा, तेज पत्ता, इलायची, दालचीनी और लौंग डालें। मसालों के चटकने के बाद कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर करीब एक मिनट तक पकाएं।

4. चावल डालें:
पहले से 20-30 मिनट तक भिगोए हुए बासमती चावल का पानी निकालकर कुकर में डालें। चावल को हल्के हाथों से करीब एक मिनट तक भूनें। इसके बाद गरम मसाला और नमक डालकर मिलाएं।

5. पुलाव पकाएं:
अब इसमें 1½ से 2 कप पानी डालें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें। एक सीटी आने तक पकाएं, फिर गैस बंद कर दें। कुकर की भाप अपने आप निकलने दें।

6. अंतिम तैयारी:
प्रेशर खत्म होने के बाद ढक्कन खोलें। इसमें भुने हुए ड्राई फ्रूट्स, पनीर और हरा धनिया डालकर हल्के हाथों से मिलाएं।

गरमा-गरम पनीर ड्राई फ्रूट पुलाव तैयार है। इसे बूंदी या खीरे के रायते, हरी चटनी और सलाद के साथ सर्व करें।

पुलाव को परफेक्ट बनाने के टिप्स

  • पुलाव के लिए लंबे दाने वाले बासमती चावल का इस्तेमाल करें।
  • चावल को बनाने से पहले 20-30 मिनट तक भिगोना न भूलें। इससे पुलाव के दाने खिले-खिले बनते हैं।
  • पनीर को ज्यादा देर तक न भूनें, वरना वह सख्त हो सकता है।
  • किशमिश को धीमी आंच पर ही भूनें, ताकि वे जलें नहीं।
  • चावल और पानी का सही अनुपात रखें, वरना पुलाव चिपचिपा हो सकता है।
  • चावल पकने के बाद उसे ज्यादा न चलाएं, इससे दाने टूट सकते हैं।