मुंबई: गंभीर और दमदार भूमिकाओं के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री संदीपा धर अब कॉमेडी के क्षेत्र में कदम रखने जा रही हैं। आगामी वेब सीरीज ‘चुंबक’ में संदीपा पहली बार आउट एंड आउट कॉमेडी करती नजर आएंगी। अभिनेत्री का कहना है कि कॉमेडी में उनकी शुरुआत बिल्कुल वैसी ही है, जैसी वह हमेशा से चाहती थीं।
संदीपा ने कहा कि उन्होंने इससे पहले कभी इस तरह की कॉमेडी नहीं की है। हालांकि, वह लंबे समय से चाहती थीं कि अगर उन्हें कॉमेडी करने का मौका मिले तो वह अतिश कपाड़िया और जेडी मजेठिया जैसे कलाकारों की शैली वाली कॉमेडी हो। उन्होंने खुद को भाग्यशाली बताया कि उन्हें ‘चुंबक’ के जरिए ऐसा ही अवसर मिला।
अभिनेत्री के मुताबिक, ‘चुंबक’ उनके लिए केवल एक नई शैली में काम करने का मौका नहीं है, बल्कि कॉमेडी को एक अलग और ताजे नजरिए से समझने का अनुभव भी है। उन्होंने शो का हिस्सा बनाए जाने पर खुशी जताते हुए निर्माताओं और नेटफ्लिक्स का आभार व्यक्त किया।
संदीपा ने कहा कि दर्शक के तौर पर उन्हें अतिश और जेडी के पिछले शोज काफी पसंद रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक मिलेनियल होने के नाते वह खुद भी लंबे समय से कुछ ऐसा देखना चाहती थीं और इसलिए इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं।
‘चुंबक’ के जरिए संदीपा धर दर्शकों के सामने अपने अभिनय का एक बिल्कुल नया और कॉमिक अंदाज पेश करेंगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उनका यह नया अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है।







